प्रदेश में रबी फसलों का समर्थन मूल्य पर उपार्जन 15 अप्रैल से

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में 14 अप्रैल को लॉक डाउन खुलना संभावित है। इसके बाद 15 अप्रैल से प्रदेश में रबी उपार्जन का कार्य प्रारंभ किया जायेगा। उन्होंने कहा कि 31 मई तक उपार्जन कार्य समाप्त कर लेना है। समय कम है। अतः ऐसी व्यवस्था करें, जिससे किसानों की गेहूं, चना, सरसों और मसूर फसलें समर्थन मूल्य पर सुगमता से खरीदी जा सकें। श्री चौहान ने निर्देश दिये कि प्रदेश में अधिक से अधिक खरीदी केंद्र खोले जाएं। इन केन्द्रों पर आवश्यकतानुसार अन्य विभागों के अमले की सेवाएँ भी ली जाएं। श्री चौहान ने कहा कि इंदौर, भोपाल और उज्जैन जिले के शहरी क्षेत्रों का रबी उपार्जन नजदीकी ग्रामीण खरीदी केन्द्र पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री आज वीडियो कांन्फ्रेंस के माध्यम से रबी उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।


Popular posts